जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र के संजय पथ स्थित सर्वोदय पथ निवासी कंचन देवी के साथ तीन कथित साधुओं ने ठगी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. साधुओं ने पत्थर को सोना बनाने का ढोंग रचकर महिला से तीन से चार लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने ठग लिए और मौके से फरार हो गए. बताया जा रहा है कि दोपहर के समय तीन साधु कंचन देवी के घर पहुंचे और खुद को सिद्ध पुरुष बताते हुए चमत्कार दिखाने लगे. उन्होंने एक साधारण पत्थर दिखाते हुए दावा किया कि वह उसे सोने में बदल सकते हैं. उनकी बातों में आकर महिला ने विश्वास कर लिया. साधुओं ने कहा कि इस प्रक्रिया में घर में मौजूद सोना शुद्ध होकर कई गुना बढ़ जाएगा. इसके बाद साधुओं ने महिला से घर में रखे सभी सोने के गहने लाने को कहा. महिला ने अपनी सोने की चेन, जिउतिया समेत अन्य गहने उन्हें सौंप दिए. (नीचे भी पढे़ं)
साधुओं ने गहनों को एक कपड़े की पोटली में बांधा और मंत्र पढ़ते हुए महिला को कुछ देर तक पोटली न खोलने की हिदायत दी. कुछ ही देर में वे वहां से निकल गए. साधुओं के जाने के बाद जब महिला ने पोटली खोली तो उसमें असली गहनों की जगह नकली वस्तुएं और पत्थर निकले. यह देख महिला के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गयी. उस समय महिला घर में अकेली थी. सूचना मिलने पर पति चंदन कुमार घर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी उलीडीह थाना को दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के चमत्कार या झांसे में न आएं और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें.











