गालूडीह : गालूडीह प्राचीन रंकिणी मंदिर से शुक्रवार शाम भव्य रामनवमी झंडा जुलूस गाजे-बाजे के साथ निकाला गया. गालूडीह रंकिणी मंदिर अखाड़ा समिति के नेतृत्व में निकले जुलूस में हजारों लोग महावीरी झंडा लिये जय श्रीराम का नारा लगाते हुए चल रहे थे. बजरंगबली की मूर्ति की झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही. जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण राममय हो गया था. (नीचे भी पढ़ें)

जुलूस को रंकिणी मंदिर के मुख्य पुजारी सह संस्थापक विनय दास बाबाजी ने रवाना किया. उनकी देखरेख में जुलूस मंदिर परिसर से निकलकर बस स्टैंड, अंडर पास, सुभाष चौक, बंगालीपाड़ा, स्टेशन रोड होते हुए देर शाम रंकिणी मंदिर पहुंच कर विसर्जित हो गया. जुलूस में शामिल युवाओं के साथ महिला कलाकारों ने तलवारबाजी, लाठी, भुजाली, कुश्ती समेत एक बढ़कर एक हैरतअंगेज करतब दिखाये. जगह-जगह चौक-चौराहों में करतब दिखाये गए.




