जमशेदपुर : टाटा स्टील और टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) की ओर से जमशेदपुर के कदमा के रामनगर में नया पार्क बनाया है. रामनगर पार्क का उदघाटन राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सह स्थानीय विधायक बन्ना गुप्ता और सांसद विद्युत वरण महतो ने संयुक्त रुप से किया. इस दौरान रामनाथ पार्क को समर्पित किया गया. इस मौके पर टाटा स्टील के वीपी कारपोरेट सर्विसेज चाणक्य चौधरी, टाटा स्टील यूआइएसएल के एमडी रितुराज सिन्हा समेत अन्य लोग मौजूद थे. (नीचे भी पढ़ें और देखें वीडियो)
रामनगर पार्क को काफी विकसित तौर पर बनाया गया है. इस पार्क में बच्चों के खेलने, बुजुर्गों के लिए आराम करने की जगह बनायी गयी है. इसके अलावा ओपन जिम भी बनाया गया है, जहां लोग अपने स्वास्थ्य को भी ठीक कर सकेंगे. इस दौरान मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि नागरिक सुविधाओं में लगातार बढ़ोत्तरी के लिए सरकार और कंपनी कृतसंकल्पित है और इसकी परिकल्पना को हम लोग धरातल पर उतारेंगे. इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए सांसद श्री महतो ने कहा कि टाटा स्टील ने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत पूर्व में भी शहर में अनेक नागरिक सुविधाओं का विकास किया है यह उसकी नई कड़ी है. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर सांसद श्री महतो ने टाटा स्टील और टी एस यू आईएसएल के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि कदमा के रामजन्मनगर एवं रामनगर क्षेत्र में जलापूर्ति की काफी समस्या है और आम जनता को इसकी सख्त जरूरत है. अतः टाटा स्टील और समुचित कदम उठाए. इस मौके पर उन्होंने यह भी कहा कि गत दिनों कदमा बाजार में अग्निकांड के वजह से बहुत सारे दुकानदार बुरी तरह प्रभावित हुए हैं. टाटा स्टील द्वारा इन्हें मानवीय आधार पर सहायता प्रदान किया जाए उनका पुनर्वास किया जाए. (नीचे भी पढ़ें)
रामनगर पार्क कदमा आरोग्य भवन के पास बनाया गया है. कुल 5.5 एकड़ जमीन में इसको बनाया गया है, जिसमें 400 वर्ग मीटर वाकिंग ट्रैक लगाया गया है. इसमें दो हाइ मास्ट लाइट, सोलर डीप बोर वेल लाइटिंग की व्यवस्था, योगा प्लेटफार्म, खेलने का एरिया, बाथरुम, पीने का पानी, पार्किंग एरिया, 12 बेंच लगाये गये ह.ै इसमें 400 से ज्यादा पेड़ लगाये गये है. रामनगर पार्क सुबह 5 बजे से 8 बजे तक और शाम को 4 बजे से रात के आठ बजे तक खोला जायेगा.











