
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कदमा में फलवाले को हिंदू लिखा हुआ पोस्टर हटाने के खिलाफ हिंदूवादी संगठन एकजुट हो चुके है. इस मामले को लेकर हिंदू पोस्टर हटाने का मुद्दा गरमाता नजर आ रहा है और यह राष्ट्रीय स्तर का मुद्दा बन गया है. इसको देखते हुए संपूर्ण हिंदू एकता मंच के मुख्य संरक्षक बिनोद सिंह ने इस मसले को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है. इस कड़ी में उन्होंने कहा है कि महाराष्ट्र के पालघर में दो हिंदू संतों की हत्या कर दी गई, जिस कारण मानवता शर्मसार हुई है. दूसरी ओर जमशेदपुर के कदमा में एक फल विक्रेता द्वारा अपने हिंदू होने का प्रमाण बैनर लगा कर दिया गया, जिस पर पुलिस प्रशासन द्वारा उस पर मामले दर्ज किए गए. इन सभी विषयों को लेकर पूरा हिंदू समाज आक्रोशित है. संपूर्ण हिंदू एकता मंच संतों की हत्या और फल दुकानदार के ऊपर दर्ज किए गए मामले का विरोध करती है. संपूर्ण हिंदू एकता मंच ने यह निर्णय लिया है कि मंगलवार को शाम 4 बजे से 6 बजे पूरे हिंदू समाज के लोग अपने घर पर सांकेतिक धरने पर बैठेंगे. उसके बाद हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा, फिर अपने घर पर संतो के नाम एक दिया हम जलाएंगे. दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने प्रशासन से कदमा के गरीब फल विक्रेता राज कुमार को फोन पर मिले धमकी की जांच कर धमकी देने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की है. डॉ गोस्वामी मंगलवार की सुबह राजकुमार के फल दुकान पर फल खरीदने गए थे. राज कुमार ने डॉ गोस्वामी को बताया कि दुकान पर धार्मिक प्रतीक लगाने के बाद फोन पर अज्ञात लोगों द्वारा धमकियां मिल रही है. फल विक्रेता राज कुमार ने इसकी जानकारी कदमा थाना को दी है. डॉ गोस्वामी ने कहा कि प्रशासन सुनिश्चित करे कि सभी फल विक्रेता लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए निडर होकर अपना व्यापार कर सके. डॉ गोस्वामी ने कहा कि घरों तथा दुकानों में अपने धर्म का प्रतीक चिन्ह लगाना लोगों का मौलिक अधिकार है.














