जमशेदपुर : जमशेदपुर में हिंदू नववर्ष के अवसर पर आयोजित होनेवाली शोभा यात्रा को लेकर हर स्तर पर तैयारियां तेज हो गयी हैं. शोभा यात्रा का आयोजन करने वाले संगठन तो अपनी तैयारियों में लगे ही हुए हैं, जिला प्रशासन ने भी शोभा यात्रा को शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए बैठकों का दौर शुरू कर दिया है. (नीचे भी पढ़ें)

हिंदू नव वर्ष के अवसर पर निकलनेवाली शोभा यात्रा को लेकर उपायुक्त विजया जाधव ने शुक्रवार को आयोजन समिति के सदस्यों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की. इस दौरान विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करने के साथ ही संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिये गये. उपायुक्त ने आयोजन समिति के सदस्यों को मैट्रिक एवं इंटर की परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए शोभा यात्रा की तैयारी करने की हिदायत दी. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि ऐसा कोई भी कार्य नहीं होने देने की हिदायत भी दी, जिससे सांप्रदायिक सद्भाव व भाईचारे में खलल पड़े एवं शहर का माहौल खराब हो. उपायुक्त ने इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों को जरूरी दिशा- निर्देश भी दिये. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर से साफ-सफाई, पेयजल एवं ट्रैफिक की व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने शोभायात्रा निकालने वाली सभी संस्थाओं से सदस्यों एवं वोलेंटियरों की सूची उपलब्ध कराने को भी कहा, ताकि किसी भी परिस्थिति में उनसे सहयोग लिया जा सके. बड़े एवं भारी-भरकम वाहनों पर झांकी ना निकालने की उपायुक्त ने आयोजकों से अपील की. उन्होंने सभी को हिंदू नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए शांतिपूर्ण तरीके से शोभायात्रा निकालने की अपील की.











