जमशेदपुर : जमशेदपुर के बाजार इन दिनों पूरी तरह होली के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं. शहर के विभिन्न इलाकों में पिचकारी, रंग और गुलाल की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है. इस बार पारंपरिक पिचकारियों के साथ-साथ जंबो पिचकारी खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. बड़े आकार और ज्यादा पानी भरने की क्षमता के कारण बच्चे और युवा इसे खूब पसंद कर रहे हैं.

बाजार में टैंकर पिचकारी भी उपलब्ध है, जिसे कंधे पर टांगकर आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है. डिजाइन के मामले में भी इस बार काफी प्रयोग देखने को मिल रहा है. बंदूक, राइफल, कुल्हाड़ी और कार्टून शेप वाली पिचकारियां बच्चों को लुभा रही हैं. छोटे बच्चों के लिए बैग वाली पिचकारी आई है, जिसमें तीन से चार लीटर तक पानी भरा जा सकता है. इसे पीठ पर बैग की तरह पहनकर बच्चे आराम से दौड़ते हुए होली खेल सकते हैं.

इसके अलावा चश्मा लगी पिचकारी, हेलमेट स्टाइल वाटर गन और मल्टी-नोजल पिचकारी बाजार में नई आकर्षण हैं. युवाओं के बीच हाई-प्रेशर और लंबी रेंज वाले वाटर गन की मांग बढ़ी है. रंग-गुलाल में हर्बल गुलाल, खुशबूदार अबीर, स्प्रे और सिलेंडर गुलाल की खूब बिक्री हो रही है. कुल मिलाकर, जमशेदपुर इस बार खास और यादगार होली मनाने के लिए पूरी तरह तैयार दिख रहा है.







