जमशेदपुर : जिला उद्यान कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम द्वारा मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर योजना के अंतर्गत जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित 40 प्रगतिशील किसानों को उन्नत उद्यानिकी तकनीकों के प्रशिक्षण के लिए नोएडा स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ हार्टिकल्चर टेक्नोलॉजी भेजा गया. (नीचे भी पढ़े)

पांच दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक उद्यानिकी पद्धतियों, उन्नत उत्पादन तकनीकों, गुणवत्तायुक्त पौध प्रबंधन, संरक्षित खेती, पोस्ट-हार्वेस्ट प्रबंधन एवं मूल्य संवर्धन संबंधी व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना है, ताकि वे अपने क्षेत्र में बेहतर उत्पादन एवं आय वृद्धि सुनिश्चित कर सकें. प्रशिक्षण दल को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी तथा डीडीसी नागेन्द्र पासवान द्वारा उपायुक्त परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. इस अवसर पर जिला उद्यान पदाधिकारी अनिमा लकड़ा एवं तकनीकी विशेषज्ञ अनिल चौरसिया उपस्थित रहे.(नीचे भी पढ़े)

कार्यक्रम के दौरान जिले में कार्यरत मृगव्यम एफपीओ के प्रतिनिधि राजेश रंजन तथा उद्यान विभाग के कर्मचारीगण भी उपस्थित थे. जिला उद्यान पदाधिकारी अनिमा लकड़ा ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से किसानों को नवीनतम तकनीकी जानकारी प्राप्त होती है, जिससे वे अपने खेतों में वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर उत्पादकता एवं गुणवत्ता दोनों में वृद्धि कर सकते हैं. भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण एवं एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम आयोजित किये जाते रहेंगे.








