जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना के हुरलुंग पंचायत क्षेत्र के लुपुंगडीह नदी घाट में रात के अंधेरे में कथित रूप से बालू का अवैध उठाव और परिवहन किए जाने का मामला सामने आया है. स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि देर रात ट्रैक्टरों के माध्यम से बालू का उठाव किया जा रहा है. ग्रामीणों के मुताबिक यह गतिविधि पिछले कुछ समय से लगातार जारी है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि लुपुंगडीह के स्थानीय ग्राम प्रधान द्वारा कथित तौर पर प्रति ट्रैक्टर 500 से 700 रुपये लिए जाने की सूचना है. ग्रामीणों के अनुसार इसी रकम को लेकर कुछ दिन पहले विवाद भी हुआ था. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. ग्रामीणों का कहना है कि विवाद के बाद भी नदी घाट से बालू का उठाव कथित रूप से जारी है. इससे यह सवाल उठ रहा है कि यदि बिना अनुमति या नियमों के विरुद्ध बालू का उठाव हो रहा है, तो संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था इसकी जानकारी क्यों नहीं ले पा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि बालू उठाव का विरोध करने अथवा इसकी शिकायत करने वाले ग्रामीणों पर कथित रूप से दबाव बनाया जाता है और धमकी दिए जाने की बातें सामने आई हैं. इसके कारण ग्रामीणों में भय का माहौल होने का दावा किया जा रहा है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, खनन विभाग और पुलिस प्रशासन से लुपुंगडीह नदी घाट पर रात के समय होने वाले बालू उठाव की जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि घाट पर खनन की अनुमति, बालू उठाव की वैधता, परिवहन और कथित रूप से वसूली जा रही रकम की जांच की जानी चाहिए. ग्रामीणों ने मांग की है कि जांच में यदि खनन नियमों का उल्लंघन या अवैध वसूली के आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए.




