
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में आरडी टाटा से बर्मामाइंस ट्यूब एंड केबल की ओर सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े ट्रक और ट्रेलरों के खिलाफ गोलमुरी ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई की. सड़क पर बेतरतीब ढंग से भारी वाहनों की पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की शिकायतों के बाद पुलिस ने अभियान चलाया. अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस की टीम ने सड़क किनारे रॉन्ग पार्किंग में खड़े ट्रक और टेलरों की जांच की. (नीचे भी पढ़ें)

नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान काटकर कार्रवाई की गई. पुलिस की कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया. बताया गया कि आरडी टाटा से बर्मामाइंस ट्यूब एंड केबल की ओर जाने वाली सड़क पर कई बार भारी वाहन सड़क के किनारे खड़े कर दिए जाते हैं. इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और अन्य वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है. (नीचे भी पढ़ें)
व्यस्त समय में जाम की स्थिति बनने की संभावना भी बनी रहती है. ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी. पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी.




