जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के मोदी पार्क के पास गुरुवार शाम एक कार का टायर फटने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया. तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के दाहिने हिस्से का एक्सल टूट गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि, कार में सवार दो लोग बाल-बाल बच गए. हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनारी कागलनगर निवासी आकाश कार चला रहे थे. (नीचे भी पढे़ं)

वे साकची से अपने घर सोनारी लौट रहे थे. इसी दौरान मोदी पार्क के समीप अचानक कार का टायर ब्लास्ट कर गया. टायर फटते ही वाहन पर उनका नियंत्रण नहीं रह सका और कार सीधे डिवाइडर से टकरा गई. घटना में कार के साथ-साथ सड़क किनारे लगी रेलिंग को भी नुकसान पहुंचा है. दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिससे मार्ग पर वाहनों की कतार लग गयी. सूचना मिलते ही बिष्टुपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. फिलहाल स्थिति सामान्य है.







