जमशेदपुर : भाजपा प्रदेश झारखंड किसान मोर्चा के सहकारिता प्रकोष्ठ की सह संयोजक डॉक्टर रानी ठाकुर ने दिल्ली में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने झारखंड के किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की. मुलाकात के क्रम में डॉक्टर रानी ठाकुर ने राज्य के किसानों को कृषि संसाधन, उचित समर्थन मूल्य, सिंचाई व्यवस्था और सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि झारखंड के किसान कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, जिनके समाधान के लिए केंद्र और राज्य स्तर पर समन्वित प्रयास जरूरी है. (नीचे भी पढ़ें)
इसके साथ हीं प्रधानमंत्री द्वारा किसानों के हित में लाई गई वीजी राम जी योजना पर भी चर्चा की गई। डॉक्टर ठाकुर ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और इसके अधिक से अधिक किसानों तक इसका लाभ पहुंचाने की बात कही. राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने आश्वासन दिया कि किसानों के हितों की रक्षा और उनके उत्थान के लिए भाजपा किसान मोर्चा प्रतिबद्ध है तथा झारखंड के किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा. यह मुलाकात किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है. इस महत्वपूर्ण मुलाकात के लिए झारखंड भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू सहित मोर्चा के पदाधिकारियों ने भूरी भूरी प्रशंसा की है. यह जानकारी भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने दी.







