चाकुलिया: केंद्रीय संयुक्त ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर आयोजित देशव्यापी हड़ताल के समर्थन में गुरुवार को चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत कोकपाड़ा स्टेशन के पास मुटुरखाम में एआईटीयूसी की चाकुलिया इकाई ने चाकुलिया-धालभूमगढ़ सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. करीब 3 घंटे तक सड़क जाम रही. सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. प्रदर्शनकारियों ने नाराबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका. सूचना पाकर सीओ नवीन पुरती और थाना प्रभारी संतोष कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे. प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर सड़क को जाम से मुक्त कराया. (नीचे भी पढ़े)
तीन घंटा बाद आवागमन सामान्य हुआ.एआईटीयूसी नेता सरकार किस्कू ने कहा कि नए लेबर कोड देश के श्रमिक वर्ग के अधिकारों पर सीधा हमला हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि इन कानूनों के लागू होने से न केवल काम के घंटों में मनमाना विस्तार होगा बल्कि श्रमिकों के यूनियन बनाने के संवैधानिक अधिकार भी कमजोर हो जाएंगे. जिससे ठेका प्रथा को बेलगाम बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने इसे पूंजीपतियों के हितों को साधने और मजदूरों को असुरक्षित भविष्य की ओर धकेलने वाली एक सोची-समझी साजिश बताया. कहा कि यह हड़ताल मात्र एक सांकेतिक विरोध नहीं है बल्कि यह मजदूरों के अस्तित्व को बचाने की एक निर्णायक लड़ाई है. इस प्रदर्शन में एआईटीयूसी अध्यक्ष बाजुन मांडी, मंटू किस्कू, मनसा सोरेन, बर्दी नाथ टुडू, सुराय मुर्मू, चूनाराम हेंब्रम, सलहाई मुर्मू, दीपक किस्कू समेत अनेक कार्यकर्ता और स्थानीय मजदूर उपस्थित रहे.







