जमशेदपुर : जेसीपी इंप्लॉईज यूनियन की वार्षिक आमसभा रविवार को बिष्टुपुर स्थित यूनियन कार्यालय में अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई. आमसभा में सर्वप्रथम दिवंगत कर्मचारियों और ट्रेड यूनियन नेताओं की आत्मा की शांति के लिए 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इसके उपरांत महामंत्री विजय खान ने सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया एवं पिछले सालों में यूनियन की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार पूर्वक अपने विचार रखे. इस दौरान उन्होंने पिछले वर्ष यूनियन के द्वारा किए गए बेहतरीन वेतन समझौते एवं सालाना बोनस का भी जिक्र किया. इसके उपरांत कोषाध्यक्ष संजीव सिंह ने यूनियन के अकाउंट का विस्तृत ब्यूरो आम सभा के समक्ष रखा और कोष की स्थिति का पूरा ब्योरा दिया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

तत्पश्चात पूर्व निर्धारित एजेंडा के मुताबिक यूनियन के संविधान में संशोधन पर चर्चा हुई. इस संदर्भ में अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने कहा कि यूनियन के संविधान के आर्टिकल 5 में एग्जीक्यूटिव कमेटी के सदस्यों की कुल संख्या 25 है जो 1999 में संविधान निर्माण के समय तय की गई थी. परन्तु चूंकी वर्तमान में कर्मचारियों की संख्या कम हुई है, ऐसे में हमें एग्जीक्यूटिव कमेटी के सदस्यों की संख्या में भी कमी करनी होगी. उन्होंने यूनियन के एक्जीक्यूटिव कमेटी के सदस्यों की कुल संख्या को 25 से घटाकर 9 करने का संशोधन संबंधित प्रस्ताव आमसभा के समक्ष रखा, जिसे आम सभा ने सर्व समिति से पारित कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
इसके उपरांत एक माह पूर्व लंबित हो चुके यूनियन के चुनाव पर भी विस्तार पूर्वक चर्चा हुई. इस मौके पर उपाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव ने राकेश्वर पांडे को पुनः यूनियन का अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव आमसभा के समक्ष रखा. महामंत्री विजय खान ने इसका समर्थन किया. आम सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने ध्वनिमत से इस प्रस्ताव को पारित कर दिया और राकेश्वर पांडे यूनियन के अध्यक्ष निर्वाचित घोषित हुए. इसके बाद कोषाध्यक्ष संजीव सिंह के अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय को संविधान संशोधन के उपरांत पूरी कमेटी गठित करने के लिए अधिकृत करने के प्रस्ताव को कार्यकारिणी सदस्य बी थापा के समर्थन के बाद आमसभा ने करतल ध्वनि से पारित कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
उपाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव ने यूनियन की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए हाउस के समक्ष पिछले दिनों कमेटी मीटिंग में पारित प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए पूर्व एवं वर्तमान कर्मचारियों के लिए एक वेलफेयर ट्रस्ट बनाने का प्रस्ताव लाया, जिसका नाम राकेश्वर पांडे मेडिकल ट्रस्ट रखा जाएगा और इसके तहत यूनियन के पूर्व और वर्तमान सभी कर्मचारियों को मेडिक्लेम के तहत जोड़कर उन्हें जमशेदपुर से बाहर किसी भी गंभीर बीमारी के दौरान कोई दिक्कत ना हो और उन्हें समुचित इलाज की सुविधा मिल सके, ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी. यूनियन महामंत्री विजय खान द्वारा प्रस्ताव का समर्थन किये जाने के बाद आम सभा ने भी इसे पारित कर दिया और बहुत जल्दी ट्रस्ट का निर्माण कर कर्मचारियों के वेलफेयर की दिशा में काम को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया. अंत में राकेश्वर पांडे ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस यूनियन के पास एक अलग विजन और सोच है. इसके तहत हम सभी मिलकर अपने वर्तमान और पूर्व कर्मचारियों के लिए कुछ अच्छा काम करने की सोच रखते हैं और इस दिशा में आप सबके सहयोग से हम लोग आगे बढ़ेंगे.



