जमशेदपुर: क्रीड़ा भारती जमशेदपुर महानगर के द्वारा जीजामाता सम्मान समारोह का आयोजन केबल वेलफेयर एसोसिएशन के हाल में किया गया, जिसमें जमशेदपुर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले चार खिलाड़ियों की माता जी का सम्मान किया गया. इस कार्यक्रम में अतिथि के नाते क्रीड़ा भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रसाद महानकर , द्रोणाचार्य अवॉर्डी और पद्मश्री श्रीमती पूर्णिमा महतो, प्रभात खबर के संपादक संजय मिश्रा, एशिया के अध्यक्ष इंदर अग्रवाल, क्षेत्रीय संगठनमंत्री उमेश कुमार उपस्थित थे. कार्यक्रम का प्रारंभ भारत माता के समक्ष दीप प्रज्वलन कर एवं पुष्पांजलि कर किया गया. (नीचे भी पढ़े)
स्वागत भाषण और विषय प्रवेश अध्यक्ष शिव शंकर सिंह ने किया. कार्यक्रम में खिलाड़ियों से संबंधित वृत चित्र दिखाकर एवं उनके माता जी के प्रयासों को बताकर उनके माता जी का सम्मान स्मृति चिन्ह एवं शॉल ओढ़ाकर किया गया. श्रीमती पूर्णिमा ने खिलाड़ियों के परिश्रम एवं उनके माता जी के त्याग के बारे में बताया. उन्होंने बताया खेल के क्षेत्र में प्रारंभिक दिनों में काफी कठिनाइयां आती है और परिवार का साथ न मिले तो आगे बढ़ना मुश्किल हो जाता है. संजय मिश्रा ने भी कहा यह विशेष सम्मान है और कहा खिलाड़ी को तो सब सम्मान करते हैं उनकी माता का सम्मान इससे भी बड़ा है. प्रसाद महानकर ने जीजामाता के बारे में विशेषकर बताया कि विपरीत परिस्थितियों में भी किसे उन्होंने शिवाजी का निर्माण किया. यदि जीजामाता नहीं होते तो शिवाजी कभी शिवाजी नहीं बन पाते. आज उन माताओं को सम्मान कर हम धन्य हो रहे हैं जिन्होंने ऐसे पुत्र, पुत्री को जन्म दिया, उन्हें बनाया जो आज देश का ध्वज पूरे विश्व में ऊंचा किए हैं.











