जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई नगर परिषद ने बुधवार को बाटा चौक स्थित विभिन्न दुकानों में ट्रेड लाइसेंस, होल्डिंग टैक्स, वाटर टैक्स एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को लेकर सघन जांच अभियान चलाया. इस अभियान का उद्देश्य नगर क्षेत्र में राजस्व वसूली को सुदृढ़ करना तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाना था. जांच के दौरान टीम द्वारा दुकानदारों के ट्रेड लाइसेंस, होल्डिंग टैक्स एवं वाटर टैक्स से संबंधित कागजातों की जांच की गयी, जिन दुकानों में कमियां पायी गयी, उन्हें आवश्यक निर्देश दिए गए तथा निर्धारित समय सीमा में कागजात दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया. साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करते पाए जाने वाले दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गयी एवं प्लास्टिक के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

टीम ने दुकानदारों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करते हुए कपड़े अथवा जूट के थैले का उपयोग करें. इस दौरान मौके पर जुगसलाई नगर परिषद के नगर प्रबंधक मुकेश निरंजन, कनीय अभियंता प्रणव मंडल, राजस्व निरीक्षक उमेश प्रजापति, नसीम अख्तर एवं स्पैरो टीम लीडर बुद्धेश्वर मंडल सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे. नगर परिषद द्वारा बताया गया कि इस प्रकार का जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं नियमों का पालन करने वाला बनाया जा सके.












