जमशेदपुर : जुगसलाई के आम लोगों ने गुरुवार को जुगसलाई ट्रॉफिक पुलिस द्वारा नव निर्मित ओवर ब्रिज पर वाहन जांच के विरोध में उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा और आम जनता के भयादोहन करने का विरोध किया. ज्ञापन में माध्यम से उपायुक्त से कहा गया कि जुगसलाई ओवर ब्रिज के निर्माण का उद्देश्य जुगसलाई, बागबेड़ा और अन्य क्षेत्र के लोगों को जाम से मुक्त करवाना था. जिससे लोगों का समय बचे. परंतु जुगसलाई यातायात पुलिस की बर्बरतापूर्ण एवं मनमाना कार्यशैली एवं वाहन एवं हेलमेट जांच के नाम पर भयादोहन हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
जिसके कारण मजदूरों और आम नागरिकों को काम से अपने घर वापसी के समय संध्या 7 से रात्रि 9 बजे तक काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है. प्रतिदिन पुल में जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है. चेकिंग से बचने के लिए कई दुर्घटना भी हो चुकी हैं. ज्ञात है कि पुल से कुछ दूरी पर जुगसलाई ट्रॉफिक थाना है, जहां प्रतिदिन वाहन चेकिंग होती है. साथ ही यह भी कहा गया कि जुगसलाई चौक बाजार में हमेशा ट्रॉफिक जाम रहता है. जाम हटाने के लिए ट्रॉफिक पुलिस नहीं रहती. सभी ने उपायुक्त से आग्रह किया कि मामले की जांच करें और पुल पर चेकिंग रोकने की कृपा करें.












