चाईबासा : चाईबासा के सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल में सत्र 2021-22 व 2022-23 में बोर्ड की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को जिला उपायुक्त के द्वारा सम्मानित किया गया. सभी बच्चों को पदक और प्रशस्ति पत्र दिया गया. प्राचार्या रेखा कुमारी ने सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया व स्वागत भाषण दिया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिले के उपायुक्त अनन्य मित्तल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे अपने स्कूली दिनों को याद रखें. विद्यालय द्वारा दी गई सीख को अपने साथ लेकर चलें. अति आत्मविश्वास से बचें तथा अपने बड़ों से सीखें व उनके मार्गदर्शन में आगे बढ़ें. (नीचे भी पढ़ें)
सहायक समाहर्ता श्रुति राजलक्ष्मी ने बतौर सम्मानित अतिथि कहा कि मनचाहे क्षेत्र में आगे बढ़ें , कामयाबी जरूर मिलेगी. जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील ने कहा कि छोटी सफलताओं से ही बड़ी सफलता मिलती है. कोई कदम उठाने से पहले यह सोचें कि यह कार्य आपको सफलता की ओर ले जाएगा या असफलता की ओर. सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत बूंद – बूंद शीर्षक गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया गया. वैभव कुमार, प्रदीप्त बिरुवा व तृषा सिंह के द्वारा कविता पाठ किया गया. छात्राओं द्वारा नागपुरी लोक तथा पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किए गए. विद्यालय परिवार के द्वारा सभी अतिथियों को शाल ओढ़ाकर व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया. धन्यवाद ज्ञापन और मंच संचालन शिक्षक एस बी सिंह,शिक्षिक पौषाली चटर्जी व विजयलक्ष्मी बास्के के द्वारा किया गया.













