जमशेदपुर : जमशेदपुर थोक वस्त्र विक्रेता संघ के अध्यक्ष अनिल मोदी ने कोल्हान प्रमंडल के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र जुगसलाई में लगातार हो रहे भीषण जाम पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से यातायात व्यवस्था में अविलंब एवं प्रभावी सुधार करने की मांग की है. श्री मोदी ने कहा कि सोमवार से लगातार तीसरे दिन आज भी बाटा चौक पर शाम के समय घंटों जाम की स्थिति बनी रही, जिसके कारण आम लोगों, व्यापारियों, ग्राहकों एवं राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर्व के साथ ही त्योहारी सीजन की शुरुआत होते ही व्यापारियों का आवागमन बढ़ जाता है. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी ओर, शाम के समय टाटा स्टील के ठेका मजदूरों एवं अन्य कर्मचारियों की छुट्टी होने के साथ-साथ राजनगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जाने वाले मजदूर एवं आम लोग भी चौक-बाजार मार्ग का उपयोग करते हैं. इस कारण शाम के समय यातायात का दबाव अत्यधिक बढ़ जाता है और लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है. उन्होंने त्योहारी सीजन के मद्देनजर जिला प्रशासन एवं यातायात पुलिस से निम्नलिखित उपाय तत्काल लागू करने की मांग की— (नीचे भी पढ़ें)
1. जुगसलाई ओवरब्रिज से मारवाड़ी पाड़ा रोड तक वन-वे यातायात व्यवस्था लागू की जाए
2. ग्वाला पाड़ा रोड को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराकर वन-वे किया जाए.
3. शाम के व्यस्त समय में प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए.
4. बाजार क्षेत्र में अनियंत्रित पार्किंग एवं सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि व्यापारिक संगठनों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर स्थायी एवं प्रभावी ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.




