जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई के श्याम नगर स्थित सोनकर कॉलोनी में नव निर्मित जटा नागेश्वर मंदिर में आगामी 27 से 30 अप्रैल तक भव्य मंदिर उद्घाटन समारोह एवं शिव परिवार स्थापना महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं वैदिक रीति-रिवाजों के साथ किया जा रहा है. इस चार दिवसीय धार्मिक आयोजन की शुरुआत 27 अप्रैल, सोमवार को बैशाख शुक्ल पक्ष एकादशी के शुभ अवसर पर भव्य कलश यात्रा एवं जलभरी कार्यक्रम से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु सम्मिलित होकर मंदिर परिसर तक जल लेकर पहुंचेंगे. इस अवसर पर वातावरण भक्तिमय भजनों एवं मंत्रोच्चार से गुंजायमान रहा. कार्यक्रम के दूसरे दिन 28 अप्रैल, मंगलवार को वैदिक ब्राह्मणों के सान्निध्य में बेदी आसन पूजन संपन्न कराया जाएगा. मंदिर प्रांगण में विशेष पूजा-अर्चना, हवन एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु भाग लेंगे. इसके उपरांत 29 अप्रैल, बुधवार को अत्यंत पावन त्रयोदशी शिव परिवार स्थापना का मुख्य अनुष्ठान संपन्न होगा. इसी दिन दोपहर 3 बजे से अखंड रामायण पाठ एवं रामचरितमानस वाचन का शुभारंभ किया जाएगा, जिससे संपूर्ण क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित होगा. (नीचे भी पढ़ें)
आयोजन के अंतिम दिन 30 अप्रैल, गुरुवार को श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरण किया जाएगा तथा रात्रि 9 बजे से भव्य भक्ति जागरण का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन मंडलियों द्वारा शिव एवं राम भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी. इस संपूर्ण धार्मिक महोत्सव में क्षेत्रवासियों के लिए विशेष दर्शन, पूजन एवं आशीर्वाद की व्यवस्था की गयी है. आयोजन समिति के प्रमुख ओम प्रकाश बाबा ने समस्त नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार सहित इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करें तथा नव स्थापित मंदिर के उद्घाटन समारोह को सफल बनाएं. आयोजन करता ॐ प्रकाश बाबा, राजन सोनकर, विष्णु सोनकर सहित समस्त सदस्य सक्रिय रूप से कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं. समिति ने बताया कि यह आयोजन सामाजिक समरसता, धार्मिक आस्था एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण का प्रतीक बनेगा.



