पोटका : सेंदरा शिकार पर्व को लेकर वन विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. पर्व के मद्देनजर शिकार की आशंका को देखते हुए हाता स्थित वन विभाग कार्यालय के समीप सोमवार सुबह से ही विशेष जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान जमशेदपुर की ओर जाने वाले सभी यात्री वाहनों की सघन जांच की गयी. वनकर्मियों की टीम द्वारा सड़क पर वाहनों को रोक-रोक कर जांच की जा रही है. खासकर उन लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही थी, जिनके दलमा जंगल की ओर जाने की संभावना है. जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गयी तथा उन्हें सेंदरा पर्व के दौरान शिकार पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी दी गयी. (नीचे भी पढ़ें)

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सेंदरा शिकार पर्व के दौरान जंगलों में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर विशेष चौकसी बरती जा रही है. किसी भी प्रकार के अवैध शिकार को रोकने के लिए विभाग पूरी तरह मुस्तैद है. साथ ही लोगों से अपील की जा रही है कि वे परंपराओं के नाम पर वन्यजीवों को नुकसान न पहुंचाएं और कानून का पालन करें. इस दौरान वन विभाग के गार्ड लगातार जांच अभियान चलाते हुए लोगों को जागरूक करते नजर आए. वाहनों के जांच अभियान के दौरान रेंज ऑफिसर शंकर भगत, हेड सब बीट ऑफीसर तन्मय चटर्जी, दशरथ सोरेन, किष्णु मुर्मू, हिमांशु कुमार, रुद्र नारायण दास, सब बीट ऑफीसर दुखुरम मुर्मू अमल कुमार मुरमू,सुजाता आदि उपस्थित रहे.




