जमशेदपुर : टाटा स्टील के जुलोजिकल पार्क (चिड़ियाघर) में नवजात बाघ के बच्चे (शावकों) के सेक्स की पहचान कर ली गयी है. तीनों मादा निकले है. पहले यह कहा गया था कि तीनों में से दो मादा है और एक नर है. लेकिन अब तीनों की पहचान हो गयी है, जिसमें तीनों मादा निकले है. दरअसल, जन्म के वक्त उनकी तत्काल पहचान करना मुश्किल होता है, जिस कारण तीनों शावकों की पहचान तत्काल नहीं की जा सकी थी और गलती से यह बता दिया गया था कि तीनों में से दो मादा है और एक नर है. इसके लिए आम नागरिकों से नाम मंगाये गये थे ताकि उनके नाम को रखा जा सके. 23 सितंबर को उनका जन्म के बाद ही टाटा स्टील जुलोजिकल पार्क ने नाम का सुझाव नागरिकों से मांगा था. (नीचे भी पढ़ें)
इसके तहत करीब 1900 नाम नर और मादा के लिए अलग अलग आये थे. लेकिन अब मादा के नाम को फाइनल किया गया है. इसमें से एक मादा का नाम काइरा (इसका अर्थ उज्ज्वल या प्रकाशमान है) तय किया गया है, जिसके नाम चार नागरिकों ने दिये थे. इसी तरह दूसरे का नाम अवनि रखा गया है, जिसका अर्थ धरती होता है, जिसके नाम को तीन नागरिकों ने दिये थे. उसी तरह तीसरे का नाम शक्ति रखा गया है, जो महिला के सर्वशक्ति होने का पर्यायवाची नाम है. इस नाम को 14 नागरिकों ने दिये थे. टाटा स्टील जुलोजिकल पार्क प्रबंधन ने तीनों के नाम को फाइनल किया है और कहा है कि जल्द ही सही नाम देने वाले लोगों को जुलोजिकल पार्क में बुलाकर सम्मानित किया जायेगा.












