जमशेदपुर : जमशेदपुर के बारीडीह बाजार में अचानक से देर रात आग लग गई. आग कैसे लगी है यह जानकारी नहीं मिल पाई है. बारीडी बाजार के बीच वाले लाइन स्थित दुर्गा न्यू कलेक्शन नामक कपड़े की दुकान से अचानक से देर रात को आग की लपट उठती दिखाई दी. बाजार में तैनात नाइट गार्ड ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस, दमकल और दुकानदार को दी. ( नीचे देखें पूरी खबर )

इस बीच आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और आग ने पूरे दुकान को अपने आगोश में ले लिया. कुछ देर के बाद अग्निशमन के दमकल ने आग पर काबू पाने की कोशिश की. दमकल और पुलिस समेत अन्य सुरक्षा बलों की मदद से आग को पहले फैलने से रोका गया ताकि बाजार में और दुकानों में आग ना फैल सके. काफी देर के बाद आग पर किसी तरह काबू पाया जा सका है. नुकसान का आकलन अब तक नहीं किया गया है. इस घटना के दौरान आसपास के दुकानदारों ने खुद से ही दुकानों के सामान निकाल कर अपने आप को सुरक्षित करने की कोशिश शुरू कर दी थी. इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल हो गया.



