
जमशेदपुर : जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ऑनर यूनियन की ओर से यूनियन के अधीन चलने वाली गाड़ियों में चोरी और ड्राइवर के साथ आये दिन हो रही मारपीट जैसी घटनाओं को लेकर यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को सिदगोड़ा थाना प्रभारी से मिला. इस दौरान यूनियन की ओर से थाना प्रभारी को एक मांग पत्र सौंपा. इसके माध्यम से यूनियन के अध्यक्ष जय किशोर सिंह ने बताया कि यूनियन के अधीन चलने वाली गाड़ियों के शीशे तोड़े जा रहे हैं और ड्राइवरों के साथ मारपीट की जा रही है. उनसे पैसे भी छीने जाते हैं. उन्होंने बताया कि सीआरएम बारा, टाटा रायसन रोड, टिमकन रोड और सीआरएम बारा पार्किंग में खड़ी गाड़ियों से बैटरी, सेल्फ टर्मिनल, जैक रॉड और पाना की आये दिन चोरियां हो रही हैं. यहां तक कि चालक और खलासी द्वारा विरोध करने पर मारपीट और छिनतई जैसी घटनाएं भी हो रही हैं, जिससे चालक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और गाड़ियों के मालिकों को नुकसान भी उठाना पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन के साथ सीआरएम बारा और टाटा रायसन मैनेजमेंट को भी मामले से अवगत करा दिया गया है. साथ ही चेतावनी दी है कि अगर जल्द इन घटनाओं पर अंकुश नहीं लगता है तो यूनियन उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा.











