जमशेदपुर : जिउतिया पर्व के दौरान जमशेदपुर के मानगो गांधी घाट के पास नदी में नहाने के दौरान दो बच्चियों के डूबने की घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. हादसे के बाद परिजनों द्वारा सड़क जाम किए जाने से मानगो की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. जाम में फंसे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. करीब डेढ़ घंटे से जाम में फंसी शमायल नामक महिला ने बताया कि उनके साथ छोटे बच्चे भी हैं और लंबे समय से सड़क पर फंसे होने के कारण काफी परेशानी हो रही है. ( नीचे देखें पूरी खबर)

उन्होंने प्रशासन से मौके पर पहुंचकर जल्द से जल्द जाम की समस्या का समाधान कराने की मांग की. वहीं, जाम में फंसे अनिरुद्ध कुमार गिरी ने बताया कि करीब एक घंटे से अधिक समय से लोग जाम में फंसे हुए हैं. उन्होंने बताया कि जिउतिया पर्व के दौरान नदी में नहाने गई दो बच्चियों के डूबने की घटना के बाद परिजनों ने सड़क जाम किया है. एक बच्ची को नदी से निकालकर एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरी बच्ची का अब तक पता नहीं चलने की बात कही गई. (नीचे देखे पूरी खबर)
जाम की वजह से आम राहगीरों के साथ मरीजों और दूसरे जरूरी काम से जा रहे लोगों को भी परेशानी हुई. अनिरुद्ध कुमार गिरी के अनुसार, एक मरीज को टीएमएच ले जा रहे परिवार को जाम के कारण वाहन छोड़कर पैदल आगे बढ़ना पड़ा. कई लोगों ने बताया कि किसी की ट्रेन छूटने की चिंता है तो किसी को बस पकड़नी है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की कि हादसे में लापता बच्ची की तलाश और रेस्क्यू अभियान को तेज किया जाए तथा जाम की स्थिति को जल्द सामान्य कराया जाए, ताकि आम लोगों को आवागमन में राहत मिल सके.




