जमशेदपुर : जिउतिया पर्व के दौरान मानगो नदी घाट पर डूबी 13 वर्षीया पूनम का शव स्थानीय गोताखोरों ने नदी से बाहर निकाल लिया. शनिवार से नदी में लापता पूनम को स्थानीय गोताखोरों ने रविवार को तलाशी अभियान के दौरान नदी से बाहर निकाला, बच्ची का शव मिलने की खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार शनिवार को जिउतिया के स्नान के दौरान पूनम अपनी बहन के साथ मानगो नदी घाट पर स्नान करने गई थी, इसी दौरान दोनों बहनें नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गईं और डूबने लगीं. मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक बच्ची को बाहर निकाल लिया, जबकि पूनम तेज बहाव में बहकर लापता हो गई. एनडीआरएफ की टीम बुलाने की मांग को लेकर परिजनों ने कल देर रात मानगो पुल को जाम कर दिया था. (नीचे भी पढ़ें)
पूनम के लापता होने के बाद परिजन और स्थानीय लोग लगातार प्रशिक्षित गोताखोरों और विशेषज्ञ बचाव दल को बुलाने की मांग करते रहे. मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि रविवार सुबह एनडीआरएफ की टीम पहुंचकर नदी में तलाशी अभियान चलाएगी. आश्वासन मिलने के बाद देर रात जाम समाप्त कर दिया गया. आज सुबह स्थानीय गोताखोरों की मदद से पूनम का बॉडी बाहर निकाल लिया गया.




