जमशेदपुर : मानगो के बावनगोड़ा से लापता छात्र संजय सोरेन का शव बरामद होने के बाद उसके परिजनों ने सिटी एसपी के विजयशंकर के आश्वासन पर आजादनगर थाने का घेराव खत्म कर दिया है. सिटी एसपी ने उन्हें संजय के हत्यारों का शीघ्र पता लगाकर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने थाने का घेराव खत्म कर दिया.(नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि मानगो आजादनगर थानांतर्गत बावनगोड़ा से लापता छात्र संजय सोरेन का शह गुरुवार को बड़ाबांकी से बरामद हुआ. इसके बाद उसके गुस्साये परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाना का घेराव कर दिया था. घेराव के कारण ओल्ड पुरुलिया रोड पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही. संजय के परिजनों की मांग थी कि पुलिस उसके हत्यारों की पहचान कर 24 घंटे के अंदर उनकी गिरफ्तारी करे. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. सिटी एसपी के विजय शंकर फौरन आजाद नगर थाना पहुंचे एवं मृतक के परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया. उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि वे हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी का प्रयास करेंगे एवं पुलिसकर्मियों पर लगे लापरवाही के आरोप की भी जांच होगी. (नीचे भी पढ़ें)
जीशान के परिजन भी सिटी एसपी से मिले
उधर सिटी एसपी के विजय शंकर से जीशान के परिजनों ने भी मिले. उन्होंने बताया कि जीशान नामक किशोर विगत 16 फरवी से ही लापता है. घर से सब्जी लेने गया जीशान फिर वापस नहीं लौटा. उसकी स्कूटी नेचर पार्क के पास मिली थी. पुलिस अब तक उसको भी नहीं खोज पाई है. उसके परिजन भी थाना पहुंचकर सिटी एसपी के विजय शंकर से मिले. जीशान के परिजन मोहम्मद जमील ने बताया कि सिटी एसपी ने वादा किया है कि जल्द ही वह जीशान के मामले में भी अनुसंधान आगे बढ़ाएंगे और जीशान का पता लगवाएंगे.



