जमशेदपुर : जमशेदपुर के केबुल बस्ती स्थित राइजिंग सन इंग्लिश स्कूल की प्रधानाध्यापिका लुबना नूर खान के विदेशी कंपनी में चयन होने के उपरांत उनके विद्यालय में अंतिम कार्यदिवस पर विद्यालय सभागार में भव्य एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दीं. समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से अध्यक्ष दिनेश कुमार, महासचिव परमानंद कौशल, उपाध्यक्ष रामनरेश साहू एवं जैसप लाल देवांगन, वरिष्ठ सदस्य सुरकृतदास मानिकपुरी तथा त्रिवेणी कुमार ने लुबना नूर खान को बुके, शॉल, स्मृति-चिन्ह, उपहार एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया. इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने केक काटकर खुशी साझा की तथा भावपूर्ण शब्दों में उनके साथ बिताए गए कार्यकाल की स्मृतियों को साझा किया. शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नृत्य ने समारोह को और भी गरिमामय एवं यादगार बना दिया. पूरे कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका रीता शर्मा ने किया. (नीचे भी पढ़ें)

अध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि लुबना नूर खान ने अपने कार्यकाल में विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनकी नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, कार्य के प्रति समर्पण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए प्रयास सदैव प्रेरणादायक रहेंगे. हमें गर्व है कि वे अपने कौशल के बल पर एक विदेशी कंपनी में नई जिम्मेदारी संभालने जा रही हैं. विद्यालय परिवार उनकी सफलता पर गर्व करता है और उनके उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं देता है. राइजिंग सन इंग्लिश स्कूल के द्वार उनके लिए सदैव खुले रहेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

लुबना नूर खान ने अपने संबोधन में भावुक होते हुए कहा कि राइजिंग सन इंग्लिश स्कूल केवल एक कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक परिवार रहा है. यहां उन्हें जो सम्मान, विश्वास, स्नेह और सहयोग मिला वे उसे जीवनभर नहीं भूल पाएंगी. विद्यालय प्रबंधन, सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का उन्होंने हृदय से आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि वे जहां भी रहेंगी, इस विद्यालय और यहां के लोगों की मधुर स्मृतियां सदैव याद करेंगी. समारोह में उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं में दिक्षा साहू, प्रीति शर्मा, कुमकुम सिंह, कृतिका सिंह, चांदनी कुमारी, रवीना ठाकुर, कविता साहू, सोनम शर्मा, अंजली शर्मा, कंचन साहू, अर्चना सिंह, सीमा, संगीता मेरी सुरेन, कौशिक दत्ता, हीरादास मानिकपुरी, रेखा कुमारी, तारकेश्वरी देवी, सुमन सिंह, रिचा मिश्रा, अनुसूइया कुमारी, मेनका कुमारी, सुमन कुमारी एवं अनुष्का सिंह सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन सभी के उज्ज्वल भविष्य एवं विद्यालय की निरंतर प्रगति की मंगलकामनाओं के साथ हुआ.




