जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक महिला ने मिट्टी का तेल छिड़ककर खुद को आग लगा ली. घटना राम मंदिर के पीछे झुग्गी-झोपड़ी के पास की है. मौके पर मौजूद महिलाओं ने किसी तरह आग बुझाई और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया. झुलसी महिला की पहचान पूजा के रुप में हुई है, जो परसुडीह के कालिंदी बस्ती की रहने वाली है. पुलिस के अनुसार, पूजा का पति राम मंदिर के पीछे क्वार्टर में रहता है. (नीचे भी पढ़ें)
5 साल पहले उसने पूजा को छोड़कर दूसरी शादी कर ली और अपने बेटे को अपने साथ रख लिया है. मंगलवार की रात पूजा अचानक पति के क्वार्टर पर पहुंची और उसके साथ रहने की जिद करने लगी जब पति ने साथ रखने से इनकार किया, तो गुस्से में आकर पूजा ने खुद को आग लगा ली. घटना के बाद वहां मौजूद महिलाओं ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई और पुलिस को सूचना दी. घटना में पूजा का चेहरा और शरीर का कुछ हिस्सा झुलस गया है. पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दे दी है. वहीं, मामले की जांच के लिए पुलिस ने पति से भी पूछताछ की है. इधर पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है.





