जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में ड्यूटी के दौरान बुधवार सुबह करीब 10 बजे ए शिफ्ट के प्रभारी होमगार्ड जवान कपिल देव यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई. चक्कर आने के कारण वह अस्पताल परिसर में ही गिर पड़े. मौके पर मौजूद साथी जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया. चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद बताया गया कि उच्च रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) के कारण उनकी तबीयत खराब हुई. फिलहाल उनका इलाज जारी है और स्वास्थ्य पर निगरानी रखी जा रही है. जवान की पत्नी ने बताया कि पिछले चार महीनों से भत्ता का भुगतान नहीं होने के कारण परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
ऐसे में इलाज और अन्य जरूरी खर्चों का वहन करना उनके लिए काफी मुश्किल हो गया है. इस बीच मानवता और सहयोग की मिसाल पेश करते हुए एमजीएम अस्पताल में तैनात साथी होमगार्ड जवानों ने आपस में चंदा जुटाकर कपिल देव यादव का सीटी स्कैन करवाया और उपचार में मदद की. साथी जवानों की इस पहल की सराहना की जा रही है. घटना के बाद होमगार्ड जवानों के बीच लंबित भत्ता भुगतान का मुद्दा भी चर्चा में है. जवानों ने समय पर भत्ता भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आर्थिक परेशानियों के बीच उन्हें और उनके परिवारों को कठिनाइयों का सामना न करना पड़े.




