
जमशेदपुर : कोल्हान का एकमात्र बड़ा सरकारी अस्पताल फिर से विवादों में घिर गया है. दरअसल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे एक मरीज की इलाज के अभाव में गुरुवार को मौत हो गई. मौत के बाद परिजनों ने जमकर बवाल काटा. अस्पताल में हंगामा देखकर अस्पताल के कर्मचारी और डॉक्टर नौ दो ग्यारह हो गए.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. मिली जानकारी के अनुसार उलीडीह के रहने वाले विशाल प्रसाद ठाकुर को पुलिस ने सड़क किनारे घायल अवस्था में होने पर अस्पताल पहुंचाया था. अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर परिजन भी वहां पहुंच गए.
परिजनों का आरोप उन्हें शव के लिए स्ट्रेचर तक नहीं मिला, इसके साथ ही वार्ड बॉय ने भी किसी तरह का सहयोग नहीं किया. परिजनों का आरोप है कि किसी तरह का सहयोग नहीं मिलने के कारण उनके रिश्तेदार की मौत हो गई है. इधर, पुलिस पूरे मामले की जांच की बात कह रही है. पुलिस के अनुसार शरीर पर एक भी चोट के निशान नहीं मिले हैं. विशाल प्रसाद चाणक्यपुरी ओल्ड पुरुलिया रोड का रहने वाला बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.







