जमशेदपुर : रविवार को शहर पहुंचे झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने एमजीएम अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण की शुरुआत इमरजेंसी वार्ड से हुई, जहां व्याप्त अव्यवस्था को देखकर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि यह एक अस्पताल है, जहां मरीजों का इलाज होता है, लेकिन यहां की हालत चिंताजनक है. मंत्री ने इमरजेंसी वार्ड में मरीजों को ज़मीन पर लेटा देखकर नाराजगी जताई और कहा कि अस्पताल में बेड की भारी कमी है. इसपर अस्पताल अधीक्षक को फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि अगर जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो सख्त कार्रवाई की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने डॉक्टर, नर्स, कर्मचारी और संसाधनों की कमी की एक विस्तृत सूची तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि आवश्यक संसाधन मुहैया कराए जा सकें. मंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से दिए जा रहे संसाधनों का सही उपयोग नहीं हो पा रहा है और इसमें कई खामियां हैं जिन्हें सुधारने की जरूरत है. नए भवन के निर्माण में हो रही देरी पर भी स्वास्थ्य मंत्री ने नाराजगी जताई और निर्माण कार्य में लापरवाही बरत रही एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की बात कही. उन्होंने निर्देश दिया कि नयी बिल्डिंग में मौजूद खामियों को दूर कर जल्द से जल्द अस्पताल को वहां शिफ्ट किया जाए. (नीचे भी पढ़ें)
औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की भी जांच की गई, जहां डेक्सोना दवा को बदलने और नई दवाओं की खरीद के निर्देश दिए गए. इस दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. मंधान समेत कई विभागाध्यक्ष (एचओडी) भी मौजूद रहे. स्वास्थ्य मंत्री के इस दौरे से अस्पताल प्रशासन में हलचल मच गई है और व्यवस्था सुधार को लेकर तत्काल कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.




