
जमशेदपुर : जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत एमजीएम थाना क्षेत्र के पीपला गांव में दोपहर करीब 12 बजे बिजली का 11 हजार वोल्ट का तार टूट कर चेकडैम में गिरने पर उसमें नहा रहे चार लोगों की आकस्मिक एवं दुःखद मृत्यु हो गई। इस दर्दनाक हादसे में मरने वालों में एक ही परिवार के दो सगे भाई कमल महतो व विमल महतो, दूसरे परिवार के रोहित महतो तथा एक बुजुर्ग महिला फूलो देवी महतो शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलने पर जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी पहले एमजीएम अस्पताल पहुंचे एवं घटना की जानकारी ली। वहां चिकित्सकों ने चारों की मृत्यु होने की पुष्टि की। फिर विधायक वहां से घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए मुआवजा के लिए स्थानीय प्रशासन एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों से वार्ता की। (नीचे भी पढ़ें)

ग्रामीणों ने घटना के विरोध में एवं मुआवजे को लेकर एनएच को जाम कर रखा था। विधायक की पहल पर वहां ग्रामीणों को तत्काल विद्युत विभाग की ओर से चारों के परिजनों को 50-50 हजार रुपये नगद मुआवजा राशि मिली। जबकि मुआवजे की शेष राशि कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दिलाने का विधायक ने आश्वासन दिया। साथ ही विधायक ने ग्रामीणों से आग्रह करते हुए उन्हें समझा-बुझाकर सड़क से हटवाया। विधायक ने पीड़ित परिजनों से मिलकर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह हर समय उनके साथ हैं। इस मौके पर जमशेदपुर के सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर एनके लाल, पटमदा डीएसपी सुमित कुमार एवं जमशेदपुर-4 के जिला पार्षद पिंटू दत्ता के अलावा ग्राम प्रधान व गांव के बुद्धिजीवी वर्ग के लोग उपस्थित थे।






