जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा है कि मंगलवार को मानगो नगर निगम की बोर्ड मीटिंग खत्म होने के बाद मेयर की नजरों में जो हंगामा हुआ, उसके संबंध में वह बुधवार तक इंतजार करेंगे. उन्होंने कहा कि बैठक में शामिल वार्ड पार्षद मेयर के बयान पर क्या मंतव्य देते हैं, यह देखने के बाद वह बुधवार को मेयर के आरोपों का विधिवत जवाब देंगे. सरयू राय ने यहां जारी बयान में कहा कि मेयर नादान हैं और उन्हें नगर निगम चलाने के नियम-कानून की जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि मेयर को यह भी पता नहीं है कि नगर निगम के सारे अधिकार अपर नगर आयुक्त के पास हैं. मेयर बोर्ड मीटिंग की अध्यक्षता कर सकती हैं. यदि वह अध्यक्षता नहीं करती हैं तो प्रावधान के अनुसार उप महापौर बैठक की अध्यक्षता करेंगे. यदि उप महापौर भी मौजूद नहीं हैं तो वार्ड पार्षद अपने बीच से किसी वरिष्ठ पार्षद का चयन कर सकते हैं.(नीचे भी पढ़े)
वही बैठक की अध्यक्षता करेंगे और मिनट्स पर हस्ताक्षर करेंगे. श्री राय ने कहा कि किसी भी बैठक में पहले लिए गए निर्णयों की संपुष्टि कराई जाती है, लेकिन मंगलवार की बोर्ड मीटिंग में ऐसा नहीं कराया गया. उन्होंने कहा कि उन्हें सुबह 11 बजे तक बैठक का एजेंडा नहीं भेजा गया था. इस संबंध में उन्होंने मेल के माध्यम से अपर नगर आयुक्त को सूचित कर दिया था कि एजेंडा नहीं मिलने के कारण वह बैठक में नहीं आना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि इसके बाद कई अधिकारियों और पार्षदों ने फोन कर उनसे बैठक में आने का आग्रह किया. उनसे कहा गया कि पिछली बार उनके कारण बैठक टल गयी थी और इस बार बैठक में थोड़ी गंभीरता रहेगी. इसके बाद वह बैठक में पहुंचे. सरयू राय ने कहा कि उनकी उपस्थिति को मेयर ने किस रूप में समझा या उनकी मौजूदगी से वह असुविधाजनक स्थिति महसूस कर रही थीं, यह वही जानें. उन्होंने कहा कि वह इंतजार करेंगे कि बैठक में शामिल वार्ड पार्षद, जिनके बारे में आरोप लगाया गया है कि वे उनके गुट के हैं, स्वयं बताएं कि वे उनके गुट के हैं या नहीं. .(नीचे भी पढ़े)
श्री राय ने कहा कि वह बुधवार को वार्ड पार्षदों का रुख देखेंगे और उसके बाद नगर निगम कार्यालय जाएंगे. वहां वह अपर नगर आयुक्त से मिलकर उनसे साफ-साफ पूछेंगे कि क्या उन्हें अपने दायित्व का अहसास है और क्या वह नगर निगम को नियम-कानून के हिसाब से चलाना चाहते हैं? उन्होंने कहा कि इसके बाद वह अपर नगर आयुक्त तथा मंगलवार को संपन्न बोर्ड मीटिंग के संबंध में राज्य सरकार को लिखेंगे. इसके बाद अपना विस्तृत वक्तव्य देंगे. सरयू राय ने मेयर के मंगलवार के वक्तव्य को नादानीपूर्ण, दुर्भाग्यपूर्ण और नासमझी का द्योतक बताया.




