जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक एवं पटना साइंस कॉलेज से भौतिकी में एमएससी करने वाले सरयू राय को आईआईबीएम एवं जाकिर हुसैन शिक्षण संस्थान समूह का मुख्य संरक्षक नामित किया गया है. यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार, संस्थान के निदेशक डॉ रोहित सिंह ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे संस्थान के मंडल के सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की. इस अवसर पर संस्थान का 48वां वार्षिक समारोह पटना स्थित ज्ञान भवन में आयोजित किया गया. समारोह में संस्थान के मंडल के सदस्यों, शिक्षाविदों, पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लिया. समारोह के पूर्व सम्पन्न बैठक में पटना के खुसरूपुर में शीघ्र एक एकीकृत शैक्षणिक परिसर विकसित करने का निर्णय लिया गया. प्रस्तावित परिसर में विद्यार्थियों को विभिन्न व्यावसायिक एवं रोजगारपरक शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है. बैठक में विस्तार, शैक्षणिक गुणवत्ता, नए पाठ्यक्रमों तथा भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल और रोजगार के लिए आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया. विज्ञप्ति के अनुसार, संस्था ने पैरामेडिकल विज्ञान के पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है. इसके अलावा नवाचार आधारित, कौशल विकास तथा रोजगारोन्मुखी नए पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे. इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को बदलती औद्योगिक एवं व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना तथा उनकी रोजगार क्षमता में वृद्धि करना है. (नीचे भी पढ़ें)
बोर्ड ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि संस्थान का आगामी विकास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावसायिक कौशल, नवाचार और रोजगारपरक प्रशिक्षण पर केंद्रित होना चाहिए. संस्थान के महानिदेशक प्रो. रोहित सिंह ने कहा कि प्रतिष्ठित जनप्रतिनिधियों, पूर्व प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, शिक्षाविदों और विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों से जुड़े लोगों की सहभागिता से संस्थान को भविष्य की योजनाओं और शैक्षणिक विस्तार के लिए व्यापक मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद है.




