रांची / जमशेदपुर : कोल्हान समेत पूरे झारखंड में तीन दिन से रुक-रुककर लगातार हो रही बारिश ने तबाही मचा दी है. मौसम विभाग रांची केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के पूर्वानुमान अनुसार राज्य में अगले 24 घंटे तक फ्लैस फ्लड (अचानक बाढ़) का अलर्ट जारी किया है. इसमें झारखंड के 10 जिले शामिल है, जिसमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम और सिमडेगा जिले शामिल है. इसे लेकर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है. उन्होंने बताया है कि गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तरी तटीय ओडिशा, झारखंड और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र बना था, यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है. यह सिस्टम उत्तर ओडिशा और झारखंड के रास्ते आगे बढ़ेगा. इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी पर बने बवंडर के कारण देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है. उन्होंने 2 सितंबर तक राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके पश्चात 3 सितंबर से राहत की उम्मीद है. बीते 24 घंटे में पूर्वी सिंहभूम के डुमरिया में 217.2 मिमी दर्ज की गई. वहीं मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है. उन्होंने लोगों को अलर्ट करते हुए बताया कि डैम के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सर्तक रहने की जरूरत है. खास कर सुवर्णरेखा, खरकई और दामोदर एरिया के लोगों को अलर्ट किया है. (नीचे भी पढ़ें)
2 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट : मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के गढ़वा, पलामू, चतरा और लोहरदगा में बुधवार को भारी बारिश का अलर्ट है. वहीं शेष जिलों में हल्की बारिश की संभावना है.
अगले चार दिन कैसा रहेगा मौसम : मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में 4 सितंबर तक छिटपुट बारिश का अलर्ट है. इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवा चलेगा. अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इसके पश्चात अगले 4 दिन के दौरान तापमान में धीरे-धीरे (3-4) डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी.




