
जमशेदपुर : जमशेदपुर में करीब 20 साल से बंद पड़ी केबुल कंपनी (इंकैब इंडस्ट्रीज) के सामानों की होने वाली चोरी और लूट के मामले की जांच करने गुरुवार की सुबह करीब 7 बजे खुद जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय पहुंचे. सरयू राय के साथ उनकी पूरी भारतीय जनता मोर्चा के कार्यकर्ता भी साथ थे. सुबह-सुबह सरयू राय के कंपनी के भीतर जाते ही हड़कंप मच गया है.
आपको बता दें कि करीब 20 साल से कंपनी बंद पड़ी हुई है लेकिन उसके सारे उपकरण, सामान और मशीनों की हमेशा चोरी होती रहती है. बंद कंपनी के सामानों की चोरी कर कई लोग लखपति करोड़पति बन चुके हैं. इसकी सूचना मिलने के बाद खुद विधायक सरयू राय केबल कंपनी पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की. वैसे यह पूर्व घोषित कार्यक्रम था. खुद सरयू राय ने बुधवार की रात अपने टि्वटर हैंडल से ट्वीट कर कहा था कि “कल 17 दिसंबर 2020 को सुबह 7.30 बजे केबुल कम्पनी परिसर का भ्रमण करूँगा. घूमकर जानकारी लूँगा कि केबुल कंपनी के भीतर अब कितनी मशीनरी/परिसम्पत्ति बची हैं.

प्रबंधन से पता करूँगा कि कंपनी बंद होने के समय कितनी मशीनरी/परिसंपत्ति वहाँ थीं. अब ये नहीं हैं तो इसके लिये कौन ज़िम्मेवार है ?”. सरयू राय जब कंपनी के भीतर पहुंचे तो उन्होंने पाया कि बड़े पैमाने पर सामान उपकरण और मशीनरी की चोरी की गई है. उन्होंने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने के साथ ही स्पेशल ऑडिट कराने की भी मांग सक्षम प्राधिकार के पास रखने की बात कही है. पूरे हालात को देखकर खुद सरयू राय भौचक्के के रह गए थे. वैसे अभी उनका इंस्पेक्शन चल रहा है और वह कंपनी से बाहर आकर लोगों को बताएंगे कि वहां किस तरह की लूट गाथा हुई है.











