
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पड़नेवाले टिनप्लेट के नानक नगर बस्ती के समीप रेलवे लाइन से सटे घरों की मापी चक्रधरपुर रेलवे की ओर से की गई है. जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल देखा जा रहा है. उधर मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक और राज्य के पूर्व मंत्री सरयू राय देर शाम नानक नगर पहुंचे. जहां बस्ती वासियों ने विधायक सरयू राय के समक्ष अपनी समस्याओं को रखा.
उधर सरयू राय ने साफ कर दिया है कि जो घर बन चुके हैं और जहां सरकारी सुविधाएं पहुंच चुकी है वैसे घरों को किसी कीमत पर तोड़ने नहीं दिया जाएगा. चाहे इसके लिए रेलवे हो, या सरकार, कितनी भी ताकतें लगा ले. उन्होंने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया है, कि उनके रहते उनका कोई बाल बांका नहीं कर सकता है. वहीं उन्होंने जिले के उपायुक्त को मामले से अवगत कराने की बात कही है. आपको बता दें कि चक्रधरपुर रेलवे के अधिकारियों द्वारा रेलवे लाइन के किनारे बसे घरों को रेखांकित किए जाने के बाद नानक नगर के लोगों में दहशत व्याप्त है. उधर विधायक सरयू राय के बस्ती में पहुंचने के बाद छोटे-छोटे बच्चों को ऑटोग्राफ लेते देखा गया. हालांकि विधायक ने भी बच्चों की इच्छा को पूरा किया और बच्चों को जमकर ऑटोग्राफ भी दिया. इस दौरान लोगों ने सरजू राय जिंदाबाद के नारे भी लगाए.













