जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को ग्वाला बस्ती निवासी विनय कुमार सिंह द्वारा मंत्री रहते हुए जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय के खिलाफ भ्रष्टाचार की जांच करने के लिये एक पीआइएल झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. मुख्य न्यायाधीश के कोर्ट ने याचिका सुनवाई के लिए स्वीकार नहीं किया, इसे निष्पादित कर दिया. प्रार्थी को इसे उचित फ़ोरम पर उठाने के लिए कहा. विधायक सरयू राय ने बताया कि कोर्ट के निर्णय की व्याख्या सरकार के वकील और प्रार्थी के वकील अलग-अलग कर रहे हैं. सरकार के वकील का कहना है कि कोर्ट ने याचिका को वापस लिया मानकर निष्पादित कर दिया. प्रार्थी के वकील कह रहे हैं कि कोर्ट ने भ्रष्टाचार मानकर विधायक सरयू राय के खिलाफ एफआइआर करने का निर्देश दिया है और याचिका निष्पादित कर दिया है.(नीचे भी पढ़े)
दोनों के वक्तव्य टीवी चैनलों पर आ रहे हैं. श्री राय ने कहा है कि वे कोर्ट का लिखित निर्णय आने का इंतज़ार कर रहे हैं. लिखित निर्णय से पता चलेगा कि सरकार के वकील का कहना सही है कि प्रार्थी के वकील का. पर इतना तो सही है कि कोर्ट ने याचिका का निष्पादन कर दिया. इसकी सुनवाई कोर्ट अब नहीं करेगा. प्रार्थी ने याचिका में कोर्ट से जो मांग की होगी, कोर्ट ने उस पर आगे सुनवाई करना मंज़ूर नहीं किया यानी प्रार्थी की याचिका ख़ारिज हो गई. श्री राय ने बताया है कि यदि कोर्ट ने उनके उपर एफआईआर करने का निर्देश दिया होगा, जैसा कि प्रार्थी के वकील टीवी चैनल पर कह रहे हैं तब तो कोई बात नहीं. पर यदि यह बात झूठ निकली तो वे प्रार्थी के वकील के विरूद्ध मिथ्या भाषण करने और लोगों को गुमराह करने के लिये राज्य बार काउंसिल में शिकायत दर्ज करेंगे.(नीचे भी पढ़े)
क्या है मामला : झारखंड के रघुवर सरकार में मंत्री रहते हुए सरयू राय द्वारा एक पुस्तक का प्रकाशन कराया गया था. उसमें घोटाला का आरोप लगाते हुए सरयू राय के खिलाफ केस चलाने को लेकर हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की गयी थी. इस याचिका को लेकर काफी दिनों तक सुनवाई होने के बाद केस निष्पादित कर दिया गया है.














