कोलकाता : मंगलवार को हावड़ा रेलवे स्टेशन पर खड़ी मिथिला एक्सप्रेस की एक जेनरल बोगी में अचानक आग लग जाने के कारण वहां अफरातफरी मच गई. हावड़ा से रक्सौल जानेवाली मिथिला एक्सप्रेस की जनरल बोगी के शौचालय से अचानक धुआं उठने लगा, जिसे देख बोगी में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई और वे वहां से निकल कर भागने लगे. उधर इसकी सूचना मिलने पर आरपीएफ एवं जीआरपी के जवान वहां पहुंचे एवं कुछ ही देर में प्रभावित डिब्बे को ट्रेन की बाकी बोगियों से अलग कर दिया गया एवं बोगी में सवार यात्रियों को भी बाहर निकाल लिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
रेल प्रशासन की ओर से मामले की तुरत जांच शुरू कर दी गई. घटना स्थल पर खोजी कुत्ते एवं फोरेंसिक टीम भी पहुंच गए, जो मामले की जांच कर रहे हैं. हालांकि समाचार लिखे जाने तक आग लगने के सही कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. रेल पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुट गई है. खोजी कुत्ते प्लेटफॉर्म पर तैनात किये गए हैं, जबकि सुरक्षा कर्मी ट्रेन में सवार यात्रियों से भी बात कर घटना के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं. जैसे ही दूसरे डिब्बों से यात्री उतरे, स्टेशन परिसर में भीड़ जमा हो गई. हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
हावड़ा के मंडल वाणिज्य प्रबंधक (डीसीएम) एवं जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) एचएन गंगोपाध्याय ने कहा कि असल में कोई आग नहीं लगी थी, बल्कि धुआं दिखा था.। स्थिति नियंत्रण में कर ली गई है. उन्होंने बताया कि जिस डिब्बे में एक खास स्थान से धुआं निकलता दिखाई दे रहा था, उसे ट्रेन से अलग कर दिया गया है.







