
जमशेदपुर : एनआरसी और सीएबी के बिल के खिलाफ मुसलिम समुदाय के लोग गुस्से में है. इसको लेकर 27 दिसंबर को एनआरसी और सीएबी बिल के खिलाफ अपनी एकजुटता का परिचय देंगे और मुसलिम समुदाय मानगो के गांधी मैदान में 27 दिसंबर को सभा करने जा रहा है. ऑल इंडिया माइनॉरिटी सोशल वेलफेयर फ्रंट के केंद्रीय महासचिव बाबर खान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि एनआरसी और कैब बिल के विरोध में 27 दिसंबर को मानगो के गांधी मैदान में बाद जुमा के नमाज के बाद दोपहर दो से शांतिपूर्वक एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी सेकुलर समाज और एनआरसी और सीएबी बिल के विरोध करने वाले लोगों को आमंत्रित किया जाएगा. इस दौरान वे लोग उपायुक्त जमशेदपुर के माध्यम से भारत के राष्ट्पति और चीफ जस्टिस के नाम मांग पत्र दिया जायेगा. बाबर खान ने कहा कि इस विशाल जनसभा में हर घर का पूरा परिवार घर से निकलेगा. औरतें भी इस जनसभा में हिस्सा लेंगी क्योंकि यह हक और अधिकार की लड़ाई है. बाबर खान ने बताया है कि एक-एक परिवार के सदस्यों को इसके खिलाफ निकलना होगा ताकि सरकार अपना बिल वापस ले सके. इस दौरान उस दिन सभी मुस्लिम प्रतिष्ठान और दुकान कारोबार काम को 27 दिसंबर को बंद रखेंगे और जो लोग कम्पनी में काम करते हैं वो लोग छूटी लेकर इसमें शामिल होंगे.







