जमशेदपुर : जमशेदपुर के नुवोको सीमेंट प्लांट की अधीकृत यूनियन जोजोबेड़ा सीमेंट प्लांट इंप्लाइज यूनियन की विगत दिनों संपन्न हुई चुनाव के पश्चात पहली कमिटी मीटिंग अध्यक्ष राकेश्वर पांडे की अध्यक्षता में संपन्न हुई. सर्वप्रथम मीटिंग में पिछले दिनों मृत वरिष्ठ ट्रेड यूनियन नेताओं की स्मृति में 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इसके पश्चात यूनियन के तमाम नवनिर्वाचित सदस्यों ने अपना परिचय दिया. पिछले 8 मई को संपन्न हुई कमिटी मीटिंग की कार्यवाही को पढ़ कर सुनाया गया जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया. इसके बाद यूनियन के कोषाध्यक्ष पीवीआर मूर्ति ने आय-व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया. इसके पश्चात नवनियुक्त कमेटी मेंबर ने कर्मचारी हित में कई मुद्दों को उठाया इसमें मुख्य रूप से विगत दिनों कर्मचारी पुत्रों के नियोजन के लिए बनी पॉलिसी पर अमलीजामा पहनाकर नियोजन को शुरुआत कराने की बात कही गई. (नीचे भी पढ़े)
कमेटी मेंबरों ने कहा कि जोजोबेड़ा सीमेंट प्लांट में कर्मचारियों की घटती संख्या हम सबों के लिए चुनौती की बात है. हम सबों को अविलंब इस नीति को लागू कराते हुए कर्मचारी पुत्रों के नियोजन का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए. इस मौके पर विनय त्रिवेदी ने कहा कि नए कमेटी मेंबरों को प्रशिक्षण दिए जाने की जरूरत है ताकि वे यूनियन एवं प्रबंधन के द्विपक्षीय कार्य पद्धति को बेहतर तरीके से समझ सके. उन्होंने नए सदस्यों को किसी भी तरह की राजनीति से दूर रहते हुए मजदूर हित में बेहतर तरीके से काम करने की सलाह दी. संजीव श्रीवास्तव ने कहा कि पिछला वेज रिवीजन इस वर्ष 31 दिसंबर को समाप्त हो जाएगा और एक जनवरी 2024 से नया वेज रिवीजन करना होगा. अतः हम सबको चार्टर आफ डिमांड बनाकर के प्रबंधन को समय से दे देना चाहिए ताकि समय से हम लोग वेज रिवीजन का निष्पादन कर सके. इसके साथ-साथ उन्होंने 40 वर्ष नौकरी पूरा होने पर दीर्घ सेवा पुरस्कार को शुरू कराने की बात कही. उन्होंने बहुत जल्द कर्मचारियों एवं सदस्यों का एक गेट टूगेदर आयोजन करने का आग्रह किया. उन्होंने यूनियन के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी एवं कर्मचारी हित में काम करने का आग्रह किया. विजय खान ने कहा कि नई टीम को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आने वाले दिनों में मिलजुल कर एकता के साथ काम करने को कहा. उन्होंने कहा कि यूनियन ने आज तक जो भी हासिल किया है सामूहिक प्रयास से हासिल किया है. (नीचे भी पढ़े)
हम लोगों को इसी तरह से मिलकर आगे भी सामूहिक प्रयास करते रहना चाहिए. यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने इस अवसर पर सभी नवनियुक्त सदस्यों को माला पहनाकर उनका स्वागत किया. उन्होंने कहा यूनियन हमेशा सामूहिक नेतृत्व के आधार पर काम करती है. हम लोगों ने सीमेंट उद्योग में एक नया मानक स्थापित किया है. सामाजिक सुरक्षा के मामले अभी हम अन्य कई कंपनियों से बेहतर स्थिति में है. वर्तमान में इस कंपनी में सिर्फ कर्मचारी पुत्रों के नियोजन ही एक समस्या है. जिसे अगले कुछ दिनों के अंदर में सुलझा लिया जाएगा और कर्मचारी पुत्रों को नियोजन का अंतत रास्ता खुल जाएगा और उनका नियोजन शुरू होगा. उन्होंने कहा कि बहुत जल्द अन्य मुद्दों पर भी प्रबंधन से बात की जाएगी एवं कर्मचारियों के गेट टूगेदर का आयोजन भी किया जाएगा. राकेश्वर पांडे ने कहा कि आने वाले दिनों में हम सब को मिलजुलकर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ कंपनी को आगे बढ़ाने में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी और मुझे विश्वास है कि नई टीम जोजोबेरा सीमेंट प्लांट के लिए मील का पत्थर साबित होगा. इस अवसर पर उपस्थित सभी यूनियन के सदस्यों ने राकेश्वर पांडे को भी फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया. कमिटी मीटिंग में मुख्य रूप से अध्यक्ष राकेश्वर पांडे, डिप्टी प्रेसिडेंट विनय त्रिवेदी, उपाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव, महासचिव विजय खान, कोषाध्यक्ष पीवीआर मूर्ति, कमिटी मेंबर विजय देव, आर कर्मकार, एनबी थापा, केके हांसदा उपस्थित थे.












