जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह का रहने वाले युवक रवि यादव पर गोली चलाने का मामला गरमाता जा रहा है. इस मामले में आरोपियों के खिलाफ लगातार हमले हो रहे हैं. रवि यादव और उनसे जुड़े लोग आरोपियों को पकड़कर पिटाई कर रहे हैं और थाना पर भी हमला करने से गुरेज नहीं कर रहे हैं. ताजा मामला रविवार को भी हुआ. (नीचे देखे पूरी खबर)

रवि यादव के ऊपर गोली चलाने वाले मुख्य आरोपी नेहाल तिवारी के घर पर रवि यादव के समर्थक घुस गए और तोड़फोड़ की. घर वालों ने बताया कि करीब 15 से 20 की संख्या में सभी लोग आए और उनके घर पर तोड़फोड़ की है. हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. फिलहाल उस एरिया में तनाव का माहौल है. (नीचे देखे पूरी खबर)

पुलिस को घटना के वीडियो फुटेज भी सौंपे गए हैं, जिन्हें मौके पर मौजूद अन्य किरायेदारों ने मोबाइल से रिकॉर्ड किया था. बताया गया कि जिस मकान में नेहाल तिवारी रहता है, उसमें कई अन्य किरायेदार भी रह रहे हैं. फायरिंग की पुरानी घटना को लेकर कीताडीह में आरोपी और घायल पक्ष के बीच तनाव अब भी कायम है. इसी बीच, पुलिस ने मामले में इस्तेमाल हुई एक स्कूटी बरामद की है. इस संबंध में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है और उनकी निशानदेही पर हथियार बरामदगी की कोशिश जारी है. पुलिस का कहना है कि हालात पर नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है.












