जमशेदपुर : सोमवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 75वीं पुण्यतिथि है और इस अवसर पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने जमशेदपुर के मानगो गांधी मैदान में स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया. इस मौके पर मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा की आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 75वीं पुण्यतिथि है और हम उनके चरणों में शत शत नमन करने आए हैं. राष्ट्रपिता की कुर्बानी हमेशा अजर-अमर रहेगी. उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सिद्धांत और विचारों को मानती है. (नीचे भी पढ़ें और देखें वीडियो)
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने पूरी दुनिया को सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया. इस दौरान झारखंड स्वास्थ्य सहिया संघ की सहियायें सैकड़ों की संख्या में गांधी मैदान पहुंची और मंत्री बन्ना गुप्ता के समक्ष नारेबाजी कर अपनी मांगों को पूरा किए जाने की मांग की. आपको बता दें कि झारखंड स्वास्थ्य सहिया संघ द्वारा विगत 23 जनवरी से अपनी मानदेय में बढ़ोतरी को लेकर झारखंड भर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जा रहा है.











