जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हथियार और गांजा की खरीद-बिक्री के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, 1.428 किलो गांजा, 10,435 रुपये नकद समेत गांजा पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की है.पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 की रात करीब 12:30 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी मेडिकल, रनिंग रूम के पास गुप्तेश्वर गिरी उर्फ लेदा गांजा की पुड़िया की खरीद-बिक्री कर रहा है और अपने पास हथियार भी रखता है. सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर डीएसपी विधि व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई.टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और गुप्तेश्वर गिरी उर्फ लेदा को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोहे का देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, 1.428 किलो गांजा, 10,435 रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एक माचिस, दो मोमबत्तियां और गांजा पैक करने वाले 62 प्लास्टिक पाउच बरामद किए गए.(नीचे भी पढ़े)
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें परसुडीह, बागबेड़ा, टेल्को और बर्मामाइंस थाना में दर्ज मामले शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी समेत अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं.गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुप्तेश्वर गिरी उर्फ लेदा (28 वर्ष), पिता स्व. प्राणकृष्ण गिरी, निवासी संजयनगर, रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी, नाला के पास, बागबेड़ा के रूप में हुई है.पुलिस ने बताया कि हथियार और गांजा उपलब्ध कराने वाले संभावित सप्लायरों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.छापेमारी टीम में डीएसपी विधि व्यवस्था सुमित कुमार, बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार, जेवियर होरो, सहायक अवर निरीक्षक संतोष कुमार समेत बागबेड़ा थाना के टाइगर मोबाइल एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. इस मामले की जानकारी एसएसपी ने दी.




