जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची थाना अंतर्गत बिरसा मुंडा टेंपो स्टैंड और मुर्गी लाइन इलाके में अवैध रूप से लॉटरी और जुआ खिलाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से लॉटरी-जुआ से संबंधित सामान और 2,510 रुपये नकद बरामद किए हैं.पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को वरीय अधिकारियों को सूचना मिली थी कि बिरसा मुंडा टेंपो स्टैंड एवं मुर्गी लाइन के पास अवैध रूप से लॉटरी और जुआ का संचालन किया जा रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और नगर डीएसपी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने दोनों स्थानों पर छापेमारी कर तीन लोगों को पकड़ा.गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज कुमार सिंह (30), दिलीप पासवान (28) और अरविंद कुमार सिंह (32) के रूप में हुई है. पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर अवैध लॉटरी और जुआ संचालन की बात स्वीकार की. (नीचे भी पढ़े)
पुलिस के मुताबिक,आरोपियों ने बताया कि वे बाजार में लोगों को अधिक पैसे का लालच देकर गोवा स्टार एप के माध्यम से सट्टा लगवाते थे.पुलिस ने आरोपियों के पास से दो लॉटरी बोर्ड, 2,510 रुपये नकद, विभिन्न नंबर लिखी एक कॉपी, मोबाइल और गोवा स्टार एप से संबंधित स्क्रीनशॉट की हार्ड कॉपी बरामद की है. मामले में साकची थाना कांड संख्या 70/2026, दिनांक 23 सितंबर 2026, धारा 318(4), 292, 112(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस अब इस अवैध सट्टा और लॉटरी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है. दूसरी ओर सीतारामडेरा थाना अंतर्गत छायानगर में भी पुलिस लॉटरी व जुआ खेलना के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राहुल कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने युवक के पास के मोबाइल, लॉटरी खेलना से संबंधित सामान जब्त किया है. साथ ही पुलिस ने युवक के पास 1820 रुपये बरामद किया है.




