जमशेदपुर: मानगो के उलीडीह ओपी क्षेत्र स्थित मुर्दा मैदान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से 26 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है. बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 5.80 ग्राम बताया गया है. पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पटमदा के डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में की गई. छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से ब्राउन शुगर की पुड़िया बरामद हुईं.गिरफ्तार युवक की पहचान मानगो के न्यू पुरुलिया रोड नंबर-02 निवासी अजहर महमूद, पिता स्वर्गीय महमूद कुरैशी, के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़े)
बरामद मादक पदार्थ को जब्त करने के बाद पुलिस आरोपी को उलीडीह ओपी ले गई, जहां उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार अजहर महमूद को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है. जांच के दौरान बरामद ब्राउन शुगर के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. मादक पदार्थों के खिलाफ की गई इस कार्रवाई में पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार के अलावा उलीडीह ओपी प्रभारी मोहम्मद शारिक अली और पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.




