जमशेदपुर : जमशेदपुर की सोनारी पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आशियाना न्यू कपाली बस्ती में छापेमारी कर ब्राउन शुगर के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है. यह कार्रवाई रविवार की शाम गुप्त सूचना के आधार पर की गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि न्यू कपाली बस्ती में एक युवक मादक पदार्थ की तस्करी कर रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद सोनारी थाना की टीम ने इलाके में दबिश दी. छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन सतर्क जवानों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई. गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्याम ठाकुर के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
वह सोनारी थाना क्षेत्र के परदेशी पाड़ा, सिनेमा मैदान के पीछे कमलेश निषाद के किराए के मकान में रह रहा था. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह लंबे समय से नशे के कारोबार से जुड़ा हुआ था और आसपास के इलाकों में पुड़िया सप्लाई करता था. इस संबंध में सोनारी थाना के एसआई शिवम राज के बयान पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह ब्राउन शुगर कहां से लाता था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.











