जमशेदपुर : धनतेरस पर्व को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए जमशेदपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर शहर के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है. इसी क्रम में महिला शक्ति कमांडो की टीम ने विभिन्न बाजारों में सघन गश्ती अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान महिला शक्ति कमांडो ने बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास लगातार गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी. धनतेरस के अवसर पर खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के बाजार पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है. खास कर महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस की इस पहल का उद्देश्य बाजारों में खरीदारी करने आने वाले आम नागरिकों, महिलाओं और व्यवसायियों के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम करना है. साथ ही, चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)

जमशेदपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पर्व के दौरान सतर्क और सजग रहें. किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या असामान्य परिस्थिति दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि धनतेरस और दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं.












