जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छह संदिग्ध अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है. यह छापेमारी मस्जिद के पास स्थित एक क्वार्टर में की गई, जहां पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग इकट्ठा होकर किसी गंभीर आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही गोलमुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम गठित की और बताए गए ठिकाने पर दबिश दी.(नीचे भी पढ़े)
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से जिशान उर्फ जिशू, नुमान, फैज, चांद तथा दो अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया. तलाशी में उनके पास से तीन पिस्तौल और भारी मात्रा में जिंदा गोलियां बरामद की गईं. हथियारों की बरामदगी की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की. .(नीचे भी पढ़े)
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी जिशान का संबंध जुगसलाई के तड़ीपार गैंगस्टर मनीष सिंह से जुड़ा बताया जा रहा है. जानकारी यह भी सामने आई है कि जिशान हाल ही में हत्या के एक मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था. पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे..(नीचे भी पढ़े)
फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद हथियार कहां से लाए गए और संभावित साजिश का निशाना कौन था. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.














