
जमशेदपुर : झारखंड सिख प्रतिनिधि बोर्ड के अध्यक्ष गुरुचरण सिंह बिल्ला पर फायरिंग करने वाले गिरोह के सरगना उत्तम पांडा उर्फ बुढ़ा को पुलिस ने उसके साथी राजकिशोर महतो उर्फ साधु महतो को मानगो बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है. दोनों चोरी की एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल के साथ भागने की फिराक में थे. पुलिस गुप्त सुचना के आधार पर पहले से ही बस स्टैंड के पास घात लगाकर बैठी थी. पुलिस ने दोनो कि निशानदेही पर फायरिंग में प्रयुक्त 0.315 बोर का तीन देशी कट्टा भी बरामद किया है. वहीं पुलिस ने दोनों के पास से 0.315 बोर की 7 जिंदा गोली और एक खोखा भी बरामद किया है. इस मामले में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) के प्रधान गुरमुख सिंह मुखे और अमरजीत सिंह अम्बे पूर्व में ही जेल जा चुके है. इसकी जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में दी.
सीजीपीसी कार्यालय में दी थी हत्या की सुपारी
पूछताछ में बुढ़ा ने पुलिस को बताया कि सीजीपीसी के प्रधान गुरमुख सिंह मुखे ने उससे संपर्क कर पांच लाख में सौदा तय किया था. उसने पुलिस को बताया कि घटना के दो दिन पहले 7 नवंबर को वह राजकिशोर के साथ सीजीपीसी के कार्यालय में गया था, जहां अंबे ने एक मोबाइल खरीद कर दिया. साथ ही अंबे और मुखे ने उस जगह की रेकी कराई जहां बिल्ला अपनी पत्नी के साथ सीतारामडेरा गुरुद्वारा आते-जाते थे. गोलमुरी में लगे बिल्ला की एक तस्वीर दिखाकर उसकी पहचान कराई. उसके बाद दोनों सीजीपीसी दफ्तर में ही इसकी साजिश रची और उसके ऊपर में बने एक हॉल में ठहरे. घटना की सुबह उन्हे फोन कर जगाया गया. दोनों बाइक से मौके पर पहुंचे, वहीं मुखे और अंबे बोलेरो से घटनास्थल की ओर बढ़े. वे लोग काशीडीह पुल के पास खड़े थे. मुखे ने बिल्ला के घर से निकलने की जानकारी दी. बाइक से दोनों बिल्ला के पास पहुंचे और कट्टा निकाल कर गोली चलने ही जा रहा था कि बिल्ला ने हाथ झटक कर भागने का प्रयास किया. भागने के क्रम में उसे गोली मार दी.

9 नवंबर की सुबह गुरुद्वारा जाने के क्रम में बिल्ला पर चली थी गोली
9 नवंबर की सुबह 4.15 गुरुचरण सिह बिल्ला पर बिरसा र्स्पोटिंग कल्ब के पास अपराधियों ने फायरिंक की थी. बिल्ला को तीन गोलियां लगी थी. उन्हे इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इस मामले में गुरमुख की पत्नी गुरप्रीत कौर के बयान पर सेंट्रल गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान गुरमुख सिंह मुखे, अमरजीत सिंह अंबे और बरवीर सिंह बल्ली के अलावा 6 अन्य पर प्राथमिकी दर्ज करायी गई थी. इस मामले में मुखे और अंबे को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.







